देहरादून। उत्तरकाशी में जलप्रलय की तबाही: गंगोत्री धाम में 500 तीर्थयात्रियों से टूटा संपर्क, NDRF और ITBP ने संभाला मोर्चा। उत्तरकाशी में आई जलप्रलय ने भारी तबाही मचाई है। गंगोत्री धाम की यात्रा पर निकले करीब 500 तीर्थयात्रियों से संपर्क टूट गया है, जिनमें महाराष्ट्र और कर्नाटक के 64 श्रद्धालु शामिल हैं।
मौके पर NDRF और ITBP की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं, और लापता यात्रियों की खोजबीन के लिए ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है।
आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में हालात बेहद गंभीर हैं। कई परिवार अपने प्रियजनों से संपर्क न होने के कारण परेशान हैं।
केंद्र सरकार ने कहा है कि कनेक्टिविटी बहाल करने की कोशिशें जारी हैं, और जल्द संपर्क स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
टिहरी गढ़वाल के विधायक विक्रम सिंह नेगी ने भी इस आपदा पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि उनके एक मित्र के अनुसार, महाराष्ट्र के 24 तीर्थयात्रियों से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
गौरतलब है कि उत्तरकाशी में इस समय मौसम बेहद खराब है, जिससे राहत कार्यों में भी बाधा आ रही है। लेकिन NDRF और ITBP ने मोर्चा संभालते हुए हर संभव प्रयास शुरू कर दिए हैं।
संवाददाता – शोएब अंसारी